मध्य प्रदेश में लाड़ली बहना और लाड़ली लक्ष्मियों को सरकारी सहायता मिलती रहेगी। सरकार लाड़ली बहना योजना पर 1,14,365 करोड़ और लाड़ली लक्ष्मी योजना पर 16,326 करोड़ रुपए खर्च करेगी।
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना में इस बार रक्षाबंधन पर लाभार्थियों को 250 रुपए अतिरिक्त दिए जाएंगे। हर महीने मिलने वाली 1500 रुपए की किस्त के साथ यह राशि जुड़ने से 19 अगस्त को लाड़ली बहनों के खातों में कुल 1750 रुपए पहुंचेंगे।
उज्ज्वला योजना का लाभ लेने वाली पात्र महिलाओं को भी इस बार 250 रुपए की अतिरिक्त राशि दी ।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को मैहर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश की लाखों हितग्राही बहनों के बैंक खातों में अंतरित की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण और आर्थिक आत्मनिर्भरता के लिए लगातार कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि लाड़ली बहना योजना महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम बनी है। इस योजना से महिलाओं को आर्थिक सहायता मिलने के साथ ही परिवार की सामाजिक और आर्थिक स्थिति भी मजबूत हो रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक विकास का लाभ पहुंचाना है।




